Sirmour, 19 August-रेणुका विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। पूर्व जिला भाजपा प्रवक्ता मेलाराम शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार की कार्यशैली को आड़े हाथों लिया।
मेलाराम शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस द्वारा हाल ही में जिन लोगों को पार्टी में शामिल करने का दावा किया गया है, उनका भारतीय जनता पार्टी से कोई संबंध ही नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं की कमी के कारण अब बाहरी लोगों को शामिल करने का नाटक कर रही है।पूर्व प्रवक्ता ने आगे कहा कि विधायक विनय कुमार को क्षेत्र में जनता का समर्थन घटता हुआ दिखाई दे रहा है, जिसके चलते वह दिखावटी कार्यक्रमों का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासनकाल में विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं—चाहे वह सड़कों की दुर्दशा हो या सरकारी संस्थानों में खाली पड़े पदों का मामला।
शर्मा ने चेतावनी दी कि आगामी विधानसभा चुनाव में रेणुका की जनता कांग्रेस को विकास की अनदेखी और अधूरे वादों के लिए जवाब देगी। उनका कहना था कि अब लोग केवल चुनावी वादों से प्रभावित नहीं होंगे, बल्कि ठोस कार्य की मांग करेंगे.
