हमीरपुर / अरविन्द सिंह-हिमाचल प्रदेश पुलिस में बतौर कांस्टेबल सेवाएं दे रही हमीरपुर की बेटी बिंदिया कौशल ने अपनी काबिलियत और साहस से इतिहास रच दिया है। उन्होंने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस (5642 मीटर) पर तिरंगा फहराकर प्रदेश और देश का मान बढ़ाया।
बिंदिया कौशल ने इस चढ़ाई को 14 अगस्त 2025 को सफलतापूर्वक पूरा किया। उनका सपना था कि वह स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के दिन तिरंगा लहराएं, लेकिन मौसम खराब होने के कारण उन्होंने एक दिन पहले ही अभियान पूरा किया।इससे पहले भी बिंदिया कौशल लद्दाख की कांग यात्से चोटी और लाहौल की यूमन चोटी पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराकर अपनी ताकत और लगन का परिचय दे चुकी हैं। वह हिमाचल प्रदेश की पहली महिला कांस्टेबल बन गई हैं जिन्होंने दो प्रमुख अंतरराष्ट्रीय चोटियों को फतेह किया है। वर्तमान में बिंदिया सीएम शिमला हाउस सिक्योरिटी में तैनात हैं।
बिंदिया कौशल के पिता रविंद्र कौशल, जो कारगिल युद्ध में सेना का हिस्सा रहे हैं, ने कहा कि बेटी की कामयाबी उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि कारगिल विजय के पोस्टर को देखकर ही बेटी ने पर्वतारोहण में कदम रखने का सपना देखा।वहीं, उनके चाचा सुरेंद्र कौशल ने कहा कि बिंदिया ने अपने अदम्य साहस और स्टैमिना से पूरे हिमाचल और पुलिस विभाग का नाम ऊंचा किया है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि बिंदिया को उसकी उपलब्धियों के सम्मान में पदोन्नति दी जाए।प्रदेश भर में लोग बिंदिया की इस सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि आने वाले समय में वह माउंट एवरेस्ट पर भी तिरंगा लहराएंगी।
