संजु चौधरी, शिमला: विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की ओर से जारी किए गए घोषणा पत्र को कांग्रेस ने कांग्रेस पार्टी के घोषणा पत्र की नकल बताया है। हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने भाजपा की घोषणा पत्र को झूठ का पुलिंदा करार देते हुए भाजपा पर कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र की नकल किए जाने का आरोप लगाया है। राजीव शुक्ला ने कहा कि कर्मचारियों के लिए ओपीएस पर भाजपा ने घोषणा पत्र में जिक्र तक नहीं किया है, जबकी कांग्रेस ने ओपीएस छत्तीसगढ और राजस्थान में लागू कर दिया है।
कांग्रेस ने स्टार्ट अप देने का ऐलान किया तो भाजपा ने भी स्टार्ट अप का वादा किया है। भाजपा सेब पैकिंग पर 12 फ़ीसदी जीएसटी रखने की बात अपने घोषणापत्र में कही है जबकि कांग्रेस ने जीएसटी खत्म करने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि सिविल यूनिफॉर्म कोड को लागु करने की भाजपा बात कर रही है तो इसे उत्तराखंड में क्यों लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के दिन ही स्वागत कर दिया था भाजपा राम मंदिर के निर्माण पर वोट मांगती है लेकिन कांग्रेस पार्टी राम के नाम पर वोट नहीं मांगती।
राजीव शुक्ला ने भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र को कांग्रेस की चुनावी घोषणा पत्र का कॉपी पेस्ट बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में जो बातें शामिल की गई हैं भाजपा ने उन्हीं को अपने घोषणापत्र में कॉपी पेस्ट कर दिया है।
