राकेश,ऊना: प्रदेश में चुनावों के समय कांग्रेस की ओर से दी गई गगारंटियों पर भाजपा लगातार कांग्रेस को घेरती हुई नजर आ रही हैं। इसी कड़ी में अब केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी अधिकारियों से हिमाचल सरकार की ओर से 18 वर्ष से अधिक की सभी महिलाओं को 15 सौ रुपये दिए जाने वाली योजना के तहत लाभांवित महिलाओं का आंकड़ा मांग लिया। सोमवार को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर अपने संसदीय क्षेत्र हमीरपुर के जिला ऊना में केंद्रीय सहायता से चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के मद्देनजर दिशा की बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक के दौरान उस समय सनसनी सी मच गई , जब केंद्रीय मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से यह आंकड़ा मांग लिया। जिस पर अधिकारी भौंचक्के से रह गए और संबंधित अधिकारी ने इस योजना के अभी तक हिमाचल के केवल लाहौल स्पीति जिले में शुरू होने और ऊना या राज्य के अन्य क्षेत्रों में अभी तक इस योजना के शुरू नहीं किए जाने की जानकारी दी, लेकिन केंद्रीय मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से पात्र महिलाओं का आंकड़ा दिए जाने को कहा ।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को ऊना में ड्रग पार्क , इथेनॉल प्रोजेक्ट , पीजीआई सेटेलाइट हॉस्पिटल के निर्माण में तेजी लाए जाने के दिशा निर्देश दिए । वहीं उन्होंने आयुष्मान योजना के लाभ बताते हुए डॉक्टर्स को जनऔषधि दवाएं अधिक से अधिक लिखने के कड़े निर्देश भी दिए, ताकि आम जनता को उससे लाभ मिल सके और उनका ब्रांडेड दवाओं पर होने वाला अधिक खर्चा बच सके। इसके साथ ही उन्होंने संसदीय क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालयों के निर्माण में भी मुस्तैदी लाए जाने के आदेश भी दिए ।
केंद्रीय सूचना व प्रसारण मंत्री ने 2024 के लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की ओर से 2019 की अपेक्षा अधिक सीटें लेकर फिर से केंद्र में सरकार बनाने का दावा किया । उन्होंने विपक्षी एकजुटता पर जीरो प्लस जीरो के जीरो रहने की बात कहते तंज कसते हुए विपक्ष के नंबर नेता विपक्ष के लिए जरूरी आंकड़े से भी कम रहने का भी दावा किया ।
अनुराग ठाकुर ने ऊना सदर विधानसभा के एक गांव में भारी बरसात से गिरे एक घर का भी जायजा लिया और पीड़ित परिवार को अपनी ओर से निजी आर्थिक सहायता भी दी । वहीं उन्होंने अधिकारियों को पीड़ित परिवार की सहायता के लिए दिशा निर्देश भी जारी किए । उन्होंने भारी बरसात से प्रभावित पीड़ितों के लिए केंद्र सरकार की ओर आए गंभीरता के मद्देनजर हर संभव सहायता दिए जाने का आश्वासन भी दिया ।
