अरविंदर सिंह,हमीरपुर : प्रदेश में विधानसभा चुनाव की घोषणा होने के साथ ही भाजपा ने भी अपना चुनावी शंखनाद कर दिया है। शनिवार को देश के गृह मंत्री अमित शाह ने हिमाचल में भाजपा की विजय का शंखनाद किया। इस अवसर पर 3 नए नारे और एक गीत भी लांच किया गया जो प्रदेश में भाजपा सरकार का संकल्प रहा है।
भाजपा प्रवक्ता कमल नयन ने कहा कि हमारी सरकार ने सच्ची सेवा, अच्छा काम फिर से भाजपा मोदी जयराम” का नारा दिया है जो विश्वास जनता ने हमारी सरकार पर किया है और आगे भी करेगी उसको प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल वासियों की सेवा करने के लक्ष्य की पूर्ति की दिशा में भाजपा निरंतर प्रयासरत है, “हिमाचल से जुड़े हैं, हिमाचल के लिए खड़े हैं” यह नीति भाजपा शासन की हमेशा रही है। गरीबों के लिए कार्य हमारी सरकार की प्रतिबद्धता रही है तभी हमने नारा दिया है “गरीब के करीब मोदी-जयराम सरकार”। कमल नयन ने कहा कि यह नारे और गीत मात्र नहीं, यह संकल्प है, जिनकी सिद्धि हमारी सरकार ने पूर्ण की है।
बता दें कि भाजपा ने आज विश्वास गीत भी लांच किया है, यह गीत सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के संकल्प को दर्शाता है। यह गीत हिमाचल में बदलने जा रहे रिवाज की कहानी सुनाता है। कमल नयन कहा कि देश के गृह मंत्री अमित शाह के स्वागत के लिए गिरि पार क्षेत्र का हाटी समुदाय काफी समय से आतुर था। हाटी समुदाय की जनजातीय दर्जे के लिए संघर्ष वर्ष 1967 से चला आ रहा था। वहां के लोगों ने मुख्यमंत्री को अपना मामा बनाया और मुख्यमंत्री के आवाह्न पर मोदी सरकार ने उनकी 55 साल पुरानी मांग को पूरा किया।
