अरविंदर सिंह, हमीरपुर: ग्राम पंचायत लोहडर के आधा दर्जन गांव में तेंदुए की मूवमेंट के बाद दहशत मच गई है। लोगों की ओर से अपने घरों की निगरानी के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तेंदुए की मूवमेंट कैद हुई है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि रात के समय तेंदुआ दहाड़ता हुआ सुनाई देता है। कई बार क्षेत्र में एक से ज्यादा तेंदुए दहाड़ते हुए सुनाई दे रहे हैं। इस कारण क्षेत्र में तेंदुए का ख़ौफ़ फैला हुआ है।
क्षेत्र के ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि उन्हें तेंदुए की दहशत से निजात दिलवाई जाए। वहीं वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि समस्या अब उनके ध्यान में आ गई है, हालांकि अभी तक तेंदुए की वजह से किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है लेकिन फिर भी निगरानी रखी जाएगी।
