Sirmour, 28 July-सिरमौर जिला भाजपा प्रवक्ता मेलाराम शर्मा ने हिमाचल प्रदेश सरकार पर मंडी जिले के सिराज विधानसभा क्षेत्र में हालिया प्राकृतिक आपदा के बाद राहत कार्यों में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बादल फटने की त्रासदी से प्रभावित लोग सरकार से मदद की आस लगाए बैठे हैं, लेकिन सरकार ने उनकी सहायता करने के बजाय कुछ लोगों पर झूठी एफआईआर दर्ज करवाई हैं, जिससे वे मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहे हैं।
शर्मा ने कहा कि संकट की इस घड़ी में जब आम जनता और भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश के 171 मंडलों से राहत सामग्री और आर्थिक सहयोग जुटाकर पीड़ितों की मदद कर रहे हैं, तब सरकार की प्राथमिकता लोगों को राहत पहुंचाने के बजाय राजनीतिक प्रतिशोध प्रतीत हो रही है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार के कुछ मंत्री, विशेषकर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जुटाई गई राहत सामग्री और आर्थिक सहायता का विवरण मांग कर लोगों की संवेदनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं। शर्मा ने इस बयान को “दुःखद और असंवेदनशील” बताया और कहा कि सरकार को पहले अपनी ओर से किए गए राहत कार्यों की पारदर्शिता दिखानी चाहिए।
प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से आग्रह किया कि वे अपने मंत्रियों की सार्वजनिक टिप्पणियों पर नियंत्रण रखें, ताकि जनाक्रोश को रोका जा सके और लोकतंत्र में जनता का विश्वास बना रहे। उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि यदि इसी तरह की घटनाएं दोहराई गईं तो भविष्य में मंत्रियों के विरोध का सामना अन्य जिलों में भी करना पड़ सकता है।
