नाहन : देवेन्द्र कुमार- बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने प्रदेश कांग्रेस सरकार पर जुबानी हमला किया है । कश्यप ने कहा कि सत्ता में आई कांग्रेस लगातार पैसों का रोना रो रही है और व्यवस्था परिवर्तन का दावा करने वाली यह सरकार अपने मंत्रियों की सुविधाओं पर करोड़ों रुपए खर्च कर रही है।
नाहन में पत्रकारवार्ता में सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस के मंत्री लगातार पैसा ना होने और कर्ज को लेकर बयान बाजी कर रहे हैं ,जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन के बड़े-बड़े दावे कांग्रेस कर रही है, मगर हकीकत यह है कि सरकार द्वारा मंत्रियों की सुख-सुविधाओं पर करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं । उन्होंने कहा कि सरकार ने चेयरमैन को कैबिनेट स्टेटस देकर व 6 CPS बनाकर अतिरिक्त बोझ डाला है। वही मंत्रियों की कोठियों के रंग रोगन पर करोड़ों का बजट खर्च किया जा रहा है।
कर्ज का ठीकरा बीजेपी पर फोड़ना गलत
सुरेश कश्यप ने कहा कि सरकार कर्ज का रोना रो रही है और कर्ज का ठीकरा बीजेपी पर फोड़ना गलत है । उन्होंने कहा कि धूमल सरकार ने जब सत्ता छोड़ी थी, तो प्रदेश पर सिर्फ 27 हजार करोड का कर्ज था जिसे वीरभद्र सरकार ने 50 हजार करोड़ तक पहुंचा दिया था। उन्होंने कहा कि पूर्व की जयराम सरकार ने जहां वीरभद्र सरकार के समय की देनदारीयां चुकाई। वहीं कोविड-19 स्थिति से निपटने के लिए एक बड़ा बजट प्रदेश सरकार ने खर्च किया।
सुरेश कश्यप ने कहा कि पूर्व सरकार के समय खोले गए 600 से अधिक संस्थानों को सरकार ने सिर्फ बदले की भावना से बंद किया और यह कहना गलत है कि उन संस्थानों के लिए बजट का प्रावधान नहीं था । उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार प्रदेश के भीतर सभी संस्थान खोले गए थे।
