अरविंदर सिंह, हमीरपुर: प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए कुछ ही दिन शेष रह गए हैं ऐसे में अब प्रदेश में महिला कांग्रेस में विधानसभा चुनावों को लेकर सक्रिय हो गई है। इसी के तहत प्रदेश में महिला वोटरों को अपने साथ जोड़ने के लिए महिला सम्मेलन का आयोजन शुक्रवार को बिजली के तार स्टेडियम में करवाया गया। इस सम्मेलन में भाग लेने के लिए हजारों महिलाएं स्टेडियम में पहुंची थी। कांग्रेस सम्मेलन में कांग्रेस महिला प्रदेश अध्यक्षा जैनब चंदेल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल विशेष अतिथि के रुप में सम्मेलन में शामिल हुए।
इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश रानी, प्रदेश कांग्रेस सचिव कृष्ण कुमार चौधरी, बड़सर ब्लॉक अध्यक्ष केवल धीमान,बड़सर के पूर्व विधायक मनजीत सिंह डोगरा सहित काफी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। सम्मेलन में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्षा जनैब चंदेल ने कहा कि महिलाओं का मान सम्मान कांग्रेस पार्टी की ओर से किया जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जिन्होंने महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है। चंदेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की पांच महिलाएं अध्यक्ष रही है। देश में पहली मुख्यमंत्री, राज्यपाल, प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, लोकसभा स्पीकर कांग्रेस पार्टी ने ही बनाई है। कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं को पूरा आदर सम्मान दिया है।
इस दौरान जनैब चंदेल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा बीजेपी ने 5 सालों में कोई कार्य नहीं किए हैं। विकास के कार्य केवल कांग्रेस पार्टी की ही देन है। जिन कार्यों की शुरुआत कांग्रेस पार्टी ने की थी उन्हीं कार्यों के आधे अधूरे उद्घाटन सरकार की ओर से किए जा रहे है। कांग्रेस नेताओं की पट्टिकाओं को तोड़ने का काम बीजेपी की ओर से किया जा रहा है। वहीं विधायक इंद्रदत्त लखन पाल ने बताया कि कांग्रेस बड़सर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओरसे महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सम्मान प्रदान करना है। लखन पाल ने कहा महिलाओं ने देश और प्रदेश की प्रगति के लिए अपनी अहम भूमिका निभाई है जिसके चलते कांग्रेस पार्टी की ओर से महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है।
इस दौरान विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार महंगाई, बेरोजगारी को बढ़ावा दिया है। जिसका विरोध जताने के लिए बिझड़ी के ताल स्टेडियम में हजारों की संख्या में महिलाएं पहुंची है। उन्होंने कहा कि बीजेपी पार्टी की ओर से पहले जीएसटी का विरोध किया जाता था और बीजेपी पार्टी की नेत्रियां महंगाई के विरोध में सड़कों पर उतर कर हो हल्ला करती थी, लेकिन अब महंगाई इतनी ज्यादा बढ़ चुकी है कि आम आदमी का गुजारा करना मुश्किल हो गया है।
वहीं उन्होंने कांग्रेस नेताओं के बीजेपी में शामिल होने के सवाल पर कहा कि पवन काजल, लखविंदर राणा, सुरेश चंदेल, डेपुटेशन पर कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे। अब वह डेपुटेशन पर ही बीजेपी में गए हैं। विधायक ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी के नेता हर मंच पर यही बात कहते हैं कि कांग्रेस मुक्त भारत हुआ है जबकि कांग्रेस मुक्त भारत नहीं हुआ, बल्कि बीजेपी कांग्रेस से युक्त हो गई है। उन्होंने कहा कि बीजेपी कांग्रेस के सांसद और विधायकों को खरीदने का कार्य कर रही है। उन्होंने बीजेपी के अपने कैडर पर सवालिया निशान खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि क्या बीजेपी में नेताओं की कमी हो गई है, जो कांग्रेस पार्टी के नेताओं को बीजेपी में शामिल कर रहे हैं।
