नाहन/देवेन्द्र कुमार: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि पार्टी आने वाले विधानसभा चुनावों में जीतने वाले उम्मीदवारों को ही सर्वे के आधार पर टिकट देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का संसदीय बोर्ड उम्मीदवारो के नाम तय करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिलासपुर में रैली के दौरान चुनावी शंखनाद कर दिया है। भाजपा प्रदेश मे विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। मजबूती के साथ पार्टी आगे बढ़ रही है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 को पुनः हिमाचल आ रहे है। जबकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा आज से हिमाचल दौरे पर रहेगें।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चारो संसदीय क्षेत्रो मे पंच परमेश्वरों के साथ बैठक करेगें। चुनाव संबंधी टिप्स व चुनाव संबंधी जानकारी देगें। पंचायत राज संस्थानों शहरी निकाय के सभी चुने हुए प्रतिनिधियों से बात करने के साथ-साथ उनका मार्ग दर्शन करेगें।
प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि चुनाव में विकास ही प्रमुख मुद्दा रहेगा। प्रदेश की जयराम सरकार व केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डबल ईंजन सरकारों ने अनेकों जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई है और समाज के प्रत्येक वर्ग को लाभ पहुंचाया है। सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय को जनजातिय दर्जा दिया जाना डबल ईंजन सरकार के कारण ही संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने यह तय कर लिया है कि वह पुनः भाजपा को सत्ता में लाकर अन्य राज्यों की तर्ज पर रिवाज बदलेगी और जयराम ठाकुर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।
