Una, Rakesh-:सलोह स्थित बन बिहारी नंद ब्रह्मचारी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वर्ष 2027 तक हरोली विधानसभा क्षेत्र देश का पहला ऐसा क्षेत्र बनेगा जहां हर घर-आंगन और हर खेत तक पानी पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि हरोली को 100 प्रतिशत पेयजल एवं सिंचाई सुविधा से संपन्न बनाने के लिए योजनाबद्ध और चरणबद्ध तरीके से ठोस कार्य किया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य जैसे अहम क्षेत्रों में समग्र और दूरदर्शी विकास को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए मजबूत आधार तैयार किया जा सके।इस अवसर पर उन्होंने अकादमिक, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया तथा विद्यालय के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 31 हजार रुपये देने की घोषणा की।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकारी स्कूलों को चरणबद्ध तरीके से सीबीएसई पैटर्न पर विकसित किया जा रहा है। साथ ही राजीव गांधी आदर्श राजकीय डे-बोर्डिंग स्कूल योजना के तहत आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक ढांचा तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल अधोसंरचना का समन्वय ही युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाता है।उन्होंने बताया कि हरोली के इस स्कूल को भी राजीव गांधी आदर्श राजकीय डे-बोर्डिंग स्कूल के रूप में विकसित किया जा रहा है।
