मंडी/परी शर्मा- पूरे प्रदेश सहित मंडी जिला में भी सड़क दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार को जिला की पर्यटन नगरी पराशर में एक निजी वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस वाहन में चालक सहित 5 लोग सवार थे। जिसमें एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही कमांद चौकी की टीम मौके पर रवाना हो गई है।
बजौरा से पर्यटन नगरी पराशर घूमने जा रहे थे सभी
मिली जानकारी के अनुसार निजी वाहन के माध्यम से 5 लोग कुल्लू जिला के बजौरा से पर्यटन नगरी पराशर घूमने जा रहे थे। पराशर से डेढ़ किलोमीटर पीछे इन लोगों की गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। घटना करीब दोपहर 12:30 बजे की बताई जा रही है। इस घटना में गाड़ी में सवार सभी पांचों लोग जख्मी हुए हैं। वहीं एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद 108 एंबुलेंस व कमांद पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंच गई है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी कमांद लाया जा रहा है।
डीएसपी ने की घटना की पुष्टि
डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंच गई है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
