सोलन : योगेश शर्मा -2025 तक देश को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य सरकार ने रखा है, ऐसे में इसको लेकर हिमाचल प्रदेश में भी कार्य किया जा रहा है। वही बात प्रदेश के प्रवेश द्वार जिला सोलन की करें तो यहां पर भी स्वास्थ्य विभाग इसको लेकर समय समय पर जागरूकता शिविर आयोजित कर रहा है। वहीं अब जिले के टीबी मरीजों को अब जांच रिपोर्ट के लिए लम्बा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल प्रशासन की नई व्यवस्था के तहत अब क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में सीबी नाट मशीन को लगाया जा रहा है ।
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के एमएस डॉ एसएल वर्मा ने बताया कि अस्पताल में अब सीबी नाट मशीन स्थापित होने जा रही है,जिससे बीमारी की पहचान करने में काफी मदद मिलेगी। अब से पहले अमूमन बीमारी की जांच में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। यदि किसी मरीज को टेस्ट किया जाता था तब जांच प्रक्रिया के लिए एक मिली बलगम में कम से कम 10 हजार बेक्टिरिया होना जरूरी होता था, लेकिन सीबी नाट मशीन के द्वारा अब केवल 133 मिली बलगम से जांच प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। वहीं पहले मरीजो को रिपोर्ट का इंतजार 15-20 दिनों तक करना पड़ता था,लेकिन अब केवल 2 घंटे के अंतराल में ही रिपोर्ट लोगों को मिल जाया करेगी। इस मशीन की कीमत करीब 12 लाख रुपए है।
