हमीरपुर, अरविन्द -:उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्ध पीठ दियोटसिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर में चैत्र मास मेले की शुरुआत पारंपरिक झंडा रस्म के साथ हो गई है। इस अवसर पर एडीसी हमीरपुर अभिषेक गर्ग ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर झंडा रस्म अदा की और विधिवत रूप से मेले का शुभारंभ किया। मेले के पहले दिन करीब 20 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा बालक नाथ के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर प्रशासन के अनुसार इस वर्ष चैत्र मास मेले 14 मार्च से शुरू होकर 13 अप्रैल तक आयोजित किए जाएंगे।
मंदिर प्रशासन ने मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर को 24 घंटे खुला रखा गया है ताकि दूर-दराज से आने वाले भक्त बिना किसी परेशानी के बाबा के दर्शन कर सकें। हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित देश के कई हिस्सों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसके अलावा विदेशों से भी श्रद्धालु बाबा के दर्शन करने के लिए यहां आते हैं।मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र को पांच सेक्टरों में बांटा गया है, ताकि भीड़ को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सके। सुरक्षा के मद्देनजर करीब 350 पुलिस और होमगार्ड के जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें भी लगातार व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।चैत्र मास मेले के शुभारंभ के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। इस दौरान बड़सर की एसडीएम स्वाति डोगरा, पूर्व विधायक मनजीत सिंह डोगरा, ट्रस्टी विपिन ढटवालिया, सुभाष ढटवालिया और ट्रस्टी पवन कालिया सहित कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
मेले में पंजाब से आए श्रद्धालुओं ने बताया कि वे हर वर्ष चैत्र मास के दौरान बाबा बालक नाथ के दर्शन करने आते हैं। उनका कहना है कि बाबा के दरबार में आने से मन को शांति मिलती है और यहां सच्चे मन से मांगी गई हर मन्नत पूरी होती है। श्रद्धालुओं ने कहा कि इस बार भी वे अपने परिवार के साथ बाबा के दरबार में माथा टेकने पहुंचे हैं और बाबा से सभी के सुख-समृद्धि की कामना की है।
वहीं, दियोटसिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर के महंत श्री श्री 1008 राजेंद्र गिरी जी महाराज ने चैत्र मास मेले की शुरुआत पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्था की गई है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्रेम और श्रद्धा के साथ बाबा के दरबार में आएं और शांति से दर्शन करें।इस अवसर पर एडीसी हमीरपुर अभिषेक गर्ग ने भी श्रद्धालुओं को मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि यहां आने वाले सभी भक्तों को बेहतर सुविधाएं मिलें। उन्होंने बताया कि सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं, ताकि मेले का आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे प्रशासन द्वारा बनाए गए नियमों का पालन करें और श्रद्धा के साथ बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करें।
TAGGED:
Hamirpur baba balak nath temple
Chandrika
