Mandi, Dharamveer-:जाने-माने प्रखर पत्रकार, शिक्षाविद और साहित्य व कला के मर्मज्ञ रहे स्वर्गीय हेमकांत कात्यायन की जयंती पर छोटी काशी मंडी में उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस अवसर पर एसवीएम मंडी में स्व. हेमकांत कात्यायन मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा “आदरांजलि 2.0” समारोह का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मंडी के पूर्व उपायुक्त और वर्तमान में भारतीय खाद्य एवं कृषि परिषद के महानिदेशक तरूण श्रीधर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि डीसी मंडी अपूर्व देवगन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली चार विभूतियों को सम्मानित किया गया। इनमें प्रेरणा स्रोत के रूप में वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण भानू, साहित्य के क्षेत्र में के.के. नूतन तथा कला के क्षेत्र में संगीत सदन मंडी के संस्थापक स्व. पियूष स्वामी को मरणोपरांत सम्मान प्रदान किया गया। उनके शिष्य एवं संगीत सदन के वर्तमान संचालक उमेश भारद्वाज को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के उपरांत मीडिया से बातचीत में मुख्यातिथि तरूण श्रीधर ने आयोजन के लिए स्व. हेमकांत कात्यायन मेमोरियल ट्रस्ट को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मंडी से उनका गहरा जुड़ाव रहा है और उन्होंने स्व. हेमकांत कात्यायन को एक निर्भीक, निष्पक्ष, संवेदनशील और प्रखर पत्रकार के रूप में हमेशा देखा। भले ही वे आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका परिवार और ट्रस्ट उनकी विरासत को जीवित रखे हुए हैं।
तरूण श्रीधर ने कहा कि एक समय पत्रकारिता की अपनी गरिमा और विश्वसनीयता हुआ करती थी, लेकिन वर्तमान दौर में इसमें गिरावट देखने को मिल रही है। सोशल मीडिया के युग में हर व्यक्ति खुद को पत्रकार समझने लगा है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि भले ही मीडिया का स्वरूप बदला है, लेकिन आज भी कई पत्रकार ईमानदारी से अपने दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। जरूरत है कि पत्रकारिता अपने मूल्यों और स्तर को बनाए रखे।इस अवसर पर स्व. हेमकांत कात्यायन मेमोरियल ट्रस्ट की अध्यक्षा निर्मला कात्यायन, संयोजक सिद्धार्थ कात्यायन, उपाध्यक्ष मुरारी शर्मा, कोषाध्यक्ष बीरबल शर्मा, सदस्य निशा कात्यायन, धर्मचंद वर्मा, पुरुषोत्तम शर्मा, भगत सिंह गुलेरिया, जल प्रबंधन बोर्ड के चेयरमैन शशि शर्मा और नगर निगम मंडी के मेयर वीरेंद्र भट्ट सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
