शिमला, 08 अप्रैल -:मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर, शिमला में साउथ एशियन यूथ टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026 का विधिवत शुभारम्भ किया। यह प्रतियोगिता 11 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जाएगी, जिसमें भारत, श्रीलंका, मालदीव, बांग्लादेश और नेपाल सहित पांच देशों के 100 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में इस स्तर की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन पहली बार हो रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार खेल ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, ताकि युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें।उन्होंने कहा कि खेलों से अनुशासन, समर्पण और नेतृत्व जैसे गुण विकसित होते हैं और यह युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। साथ ही, खेल गतिविधियां युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के निदेशक शिवम प्रताप सिंह, एशियन टेबल टेनिस यूनियन के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शेखर गौतम, हिमाचल प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष टी.पी. चोपड़ा, महासचिव अधीश राणा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
