चिंतपूर्णी , विकास -:विद्युत उपमंडल भरवांई के अंतर्गत आने वाले चिंतपूर्णी क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। विभाग ने यहां पुराने डिजिटल मीटरों को हटाकर स्मार्ट सोलर मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस पहल की शुरुआत हाल ही में एक स्थानीय होटल में नए स्मार्ट मीटर की स्थापना के साथ की गई।
इन मीटरों को निजी ठेकेदारों के माध्यम से लगाया जा रहा है, जबकि पूरी प्रक्रिया के दौरान विद्युत विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहकर निगरानी कर रहे हैं। विभाग का लक्ष्य है कि क्षेत्र में बिजली उपभोक्ताओं को अधिक पारदर्शी और सटीक बिलिंग सुविधा मिल सके।विद्युत विभाग के एसडीओ त्रिलोक शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि अब सभी नए सोलर कनेक्शनों में केवल स्मार्ट मीटर ही लगाए जाएंगे। इन मीटरों की खासियत यह है कि बिजली की खपत का डेटा स्वतः ही विभाग के सिस्टम तक पहुंच जाता है, जिससे रीडिंग लेने के लिए किसी कर्मचारी या मशीन की आवश्यकता नहीं पड़ती।इस नई तकनीक से बिलिंग में होने वाली त्रुटियों को कम किया जा सकेगा और उपभोक्ताओं को सही समय पर सटीक बिल मिल पाएगा। फिलहाल यह व्यवस्था नए कनेक्शनों में लागू की जा रही है, लेकिन भविष्य में पुराने सोलर उपभोक्ताओं को भी इस प्रणाली से जोड़ा जाएगा।
TAGGED:
Chintpurni Smart meter scheme
Chandrika
