शिमला, 6 अगस्त -: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को अपने आधिकारिक आवास ‘ओक ओवर’ में पौधा लगाकर नगर निगम शिमला के ‘ग्रीन शिमला, अवर शिमला’ अभियान के तहत सप्ताहभर चलने वाले पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक हर वर्ष कम-से-कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक प्रभावी जनआंदोलन बन सकता है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नगर निगम शिमला के पार्षदों को बान और देवदार के पौधे भी वितरित किए। उन्होंने बताया कि नगर निगम ने इस वर्ष अभियान के तहत 5,000 से 10,000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभियान के तीसरे वर्ष में भी चमियाना पहाड़ी क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां पिछले वर्ष लगाए गए लगभग 3,000 पौधों की जीवित रहने की दर संतोषजनक रही है। इस वर्ष उसी क्षेत्र में 3,000 अतिरिक्त पौधे लगाए जाएंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि सप्ताहभर चलने वाले इस अभियान में प्रदेश सरकार के मंत्री भी विभिन्न स्थानों पर आयोजित पौधरोपण कार्यक्रमों में भाग लेकर जनभागीदारी को प्रोत्साहित करेंगे। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, महापौर सुरेंद्र चौहान, नगर निगम के पार्षद और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
