विकास शर्मा,चिंतपूर्णी: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के ऊना दौरे को मात्र छलावा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का ऊना प्रवास ऊना की जनता के लिए गुमराह करने वाला है साडे़ 4 वर्ष तक प्रदेश भाजपा सरकार ने झुनझुना ही जिला ऊना को दिखाया है। यह बात विधानसभा के पूर्व विधायक राकेश कालिया ने प्रेस वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि भीड़ जुटाने के लिए सरकारी तंत्र का प्रयोग किया जा रहा है। कालिया नेे आरोप लगाया कि आशावर्कर्स आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सरकारी कर्मचारियों को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम जोर जबरदस्ती करके बुलाकर ऊना भाजपा के विधायक शक्ति प्रदर्शन कर रहे है।
कालिया ने कहा कि मुख्यमंत्री का दौरा मात्र जनता की नब्ज़ टटोलने वाला है। ऊना जिला को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में विकास के लिए कुछ मिलने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ऊना जिला में जो भी शिलान्यास करेंगे उसके लिए धन का कोई प्रावधान नहीं है। मुख्यमंत्री और विधायकों के भाषण मात्र जनता का पेट भरने के सिवाय कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि अच्छा होता यदि मुख्यमंत्री महंगाई भ्रष्टाचार और बेरोजगारी पर बोलते लेकिन ना ही मुख्यमंत्री को और ना ही विधायकों को कोई महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार दिखाई दे रहा।
कालिया ने कहा कि मंडी लोकसभा सीट पर हुए उप चुनाव में डबल इंजन सरकार का वातानुकूल डिब्बा पटरी से उतर गया था। जुब्बल कोटखाई में सत्ता में रहते हुए भाजपा के प्रत्याशी की जमानत जब्त हो गई। तीन अन्य विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा लेकिन बार-बार मिशन रिपीट के सपने देख कर भाजपा अंदर ही अंदर खुश हो रही है, लेकिन इस बार प्रदेश की जनता भाजपा को सबक सिखाने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रही है।
कालिया ने कहा कि केंद्र भाजपा सरकार में बैठे बड़े-बड़े मंत्री हिमाचल प्रदेश में भले ही वज्रआसन लगाकर बैठ जाएं लेकिन जनता महंगाई,बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से बुरी तरह प्रभावित हो रही है। कालिया ने कहा कि जिला ऊना में जंगली जानवरों और बेसहारा पशुओं की भरमार लगी हुई है और किसान बुरी तरह प्रभावित हुए है। धार क्षेत्र में तो लगभग किसानों ने खेती-बाड़ी छोड़ दी है और भाजपा सरकार ने आज दिन तक कोई कार्रवाई नहीं की जिस कारण जिला ऊना के किसान भाजपा से पूरी तरह खिलाफ है। कालिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेसी सरकार बनते ही किसानों को राहत देने के लिए प्राथमिकता दी जाएगी।
