राहुल चावला, धर्मशाला : स्कूली बच्चों की ओर से अपने इनोवेटिव आईडिया पर बनाए गए मॉडल को इनोवेशन फाउंडेशन (एनआईएफ) देहरादून की ओर से एक अलग पहचान दी जाएगी। इन प्रोजेक्ट्स का चयन जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित करवाई गई प्रतियोगिताओं के आधार पर किया जाएगा। इसी को लेकर इंस्पायर योजना के तहत इनोवेटिव आइडिया पर आधारित डिस्ट्रिक्ट लेवल प्रोजेक्ट कॉम्पिटिशन की शुरुवात मंगलवार को जिला मुख्यालय धर्मशाला के साथ लगते राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दाड़ी में की गई है।
कांगड़ा व चंबा जिला के 119 छात्र इस प्रतियोगिता में अपने प्रोजेक्टस लेकर शामिल हुए हैं। स्टेट लेवल के लिए प्रतिभागियों में से 10 फीसदी का चयन किया जाएगा। इनमें से स्टेट लेवल से नेशनल के लिए 60 बच्चों का चयन किया जाएगा। प्रतियोगिता में बच्चों के प्रोजेक्ट का मूल्यांकन करने पहुंची नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन (एनआईएफ) देहरादून की दीप्ति जगूरी ने बताया कि डीएलपीसी पूरे भारत में आयोजित किया जाता,जिसमें एक लाख बच्चों का चयन उनके इनोवेटिव आइडिया के साथ किया जाता है। इसके तहत उन इनोवेटिव आइडियाज को सेलेक्ट किया जाता है जो पर्यावरण हित में हैं और किसी कम्यूनिटी को भी इफेक्ट नहीं कर रहे हैं।
दीप्ति ने बताया कि धर्मशाला में आयोजित की जा रही प्रदर्शनी में बच्चों की ओर से इनोवेटिव आइडिया के साथ जो प्रोजेक्ट तैयार कर प्रदर्शनी में लगाए गए हैं, उनका मूल्यांकन किया जाएगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में से 119 बच्चों में से 10 फीसदी बच्चों का चयन स्टेट लेवल के लिए किया जाएगा। स्टेट लेवल प्रोजेक्ट प्रतियोगिता (एसएलपीसी ) से 10 फीसदी बच्चों का चयन नेशनल लेवल के लिए किया जाएगा।
इस दो दिवसीय डीएलपीसी के परिणाम बुधवार को घोषित किए जाएंगे। इसके बाद स्टेट लेवल के इवेंट की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। स्टेट के बाद नेशनल लेवल की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हर राज्य से नेशनल के लिए एक हजार बच्चों को भेजा जाता है, जिनमें से 60 बच्चों के इनोवेटिव आइडिया का चयन किया जाता है।
स्टार्टअप से लिंक होते हैं प्रोजेक्ट
चयनित 60 बच्चों के प्रोजेक्ट को स्टार्टअप के साथ लिंक कर उनका पब्लिकेशन करने सहित पेटेंट करवाया जाता है। यदि ऑनलाइन हो तो उसे बेचा भी जा सकता है। स्टेट और नेशनल लेवल के बीच के अंतराल में बच्चे अपने इनोवेटिव आइडिया वाले प्रोजेक्ट को मोडिफाई कर सकें, इसके लिए बच्चों को 25 हजार रुपए की राशि भी दी जाती है।
