शिमला,संजु चौधरी(TSN)-मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला आईजीएमसी अस्पताल में कैंसर केयर सेंटर के विस्तार का उद्घाटन किया.मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इससे राज्य में कैंसर मरीजों को बेहतर सुविधा मिलेगी.राज्य में बीते कुछ वक्त में कैंसर मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है.इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पूर्व में रही भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर निशाना साधा.
केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश को नहीं दे रही कोई खैरात
मुख्यमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के उस बयान पर भी पलटवार किया,जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश सरकार की मदद न करे तो यहां सरकार एक भी दिन नहीं चल सकती.मुख्यमंत्री ने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा को यह पता होना चाहिए कि हिमाचल प्रदेश संघीय ढांचे का हिस्सा है.उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भी राज्यों से ही टैक्स की उगाही करता है.उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश को कोई खैरात नहीं दे रही, बल्कि यह हिमाचल प्रदेश का हक है.मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी में आए हर्ष महाजन पर भी निशाना साधा.उन्होंने राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन का नाम लिए बिना कहा कि जगत प्रकाश नड्डा को ऐसे नेताओं की सलाह नहीं लेनी चाहिए,जो कांग्रेस छोड़ भाजपा में गए हैं.उन्होंने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा को इस तरह के नेताओं की सलाह से बचने की जरूरत है.नड्डा को अपने ही पूर्व मुख्यमंत्री से सलाह लेनी चाहिए.
हरियाणा में बनने जा रही कांग्रेस की सरकार
शिमला में मीडिया के साथ बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है.मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के 10 साल के शासन से परेशान होकर जनता ने कांग्रेस का साथ दिया है.बीजेपी का 10 साल का नाराजगी भरा शासन ही कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए काफी है.मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हरियाणा विधानसभा में जीत हासिल करने के लिए भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने खूब झूठ बोला.
हिमाचल प्रदेश में टॉयलेट टैक्स को लेकर कहा ये
हिमाचल प्रदेश में टॉयलेट टैक्स की बात कही गई,जबकि इस तरह का कोई टैक्स हिमाचल सरकार ने नहीं लगाया था. उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 75 लाख की आबादी है और हर घर में टॉयलेट सीट है.ऐसे में हिमाचल प्रदेश का कोई भी व्यक्ति यह बता दे कि उस पर टॉयलेट टैक्स लगाया गया हो.उन्होंने कहा कि साल 2018 में तत्कालीन जयराम सरकार ने ही होटल पर एडिशनल सीवरेज टैक्स लगाया था, जिसे कांग्रेस सरकार ने माफ किया.उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का नाम खराब किया.कांग्रेस की राज्य सरकार ने इस तरह का कोई टैक्स नहीं लगाया था.
