संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश में हमीरपुर मेडिकल कॉलेज को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने सामने आ गए हैं। भाजपा जहां इस मेडिकल कॉलेज को बनाने का श्रेय ले रही हैं तो वहीं कांग्रेस इस कॉलेज की अधिसूचना कांग्रेस की सरकार के समय में होने के चलते इस मेडिकल कॉलेज को बनाने का श्रेय खुद को दे रही हैं। यही वजह हैं कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बयान पर भाजपा पलट+वार कर रही हैं।
मुख्यमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल और भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व चेयरमैन विजय अग्निहोत्री ने कहा कि मात्र घोषणा कर देने से मेडिकल काॅलेज नहीं बन जाता। उन्होनें कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव से चंद दिन पहले एक कागज के टुकड़े के ऊपर मेडिकल काॅलेज हमीरपुर, मेडिकल काॅलेज नाहन और मेडिकल काॅलेज चंबा तीनों की घोषणा हो गई और इसके तुरंत बाद चुनाव हो गए। चुनाव में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी और जगत प्रकाश नड्डा इस सरकार में स्वास्थ्य मंत्री के पद पर शोभायमान हुए।
भाजपा नेता ने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा के स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद ही तीनों मेडिकल काॅलेजों के लिए संपूर्ण धन का प्रावधान किया गया और उसी धन की उपलब्धता के आधार पर तीनों मेडिकल काॅलेज बनने शुरू हुए।
उन्होनें कहा कि सुखविंदर सुक्खू का यह कथन सत्य से परे है कि इस मेडिकल काॅलेज भवन के निर्माण में उनका बड़ा योगदान हैं, जबकि पिछले 5 वर्षों में जयराम ठाकुर के नेतृत्व में बनी भाजपा सरकार के दौरान ही हमीरपुर मेडिकल काॅलेज, नाहन मेडिकल काॅलेज और चंबा मेडिकल काॅलेज तीनों के भवनों का निर्माण कार्य वर्तमान स्थिति पर पहुंचा और नाहन मेडिकल काॅलेज के भवन निर्माण का कार्य तो वर्तमान सरकार ने पूरी इसे पूरी तरह से बंद करवा दिया और यह भी जानकारी मिल रही है कि वर्तमान प्रदेश सरकार नाहन के मेडिकल काॅलेज को दाएं-बायें बनाने की सोच रही है ताकि कार्य में और विलंब हो।
भाजपा नेताओं ने कहा कि वर्तमान मोदी सरकार ने तीनों मेडिकल काॅलेज ओर नर्सिंग काॅलेज दिए हैं और 70-70 करोड़ रुपए इनके लिए स्वीकृत किए हैं लेकिन वर्तमान सरकार इन फाईलों को दबाकर बैठी हैं। उन्होनें कहा कि मदर एंड चाईल्ड केयर के लिए, तीनों मेडिकल काॅलेजों के लिए भवनों की स्वीकृति केंद्र की भाजपा सरकार की ओर से दी गई हैं। उनका कार्य भी अधर में लटका है इसलिए भाजपा का वर्तमान प्रदेश सरकार के लिए यह सुझाव है कि इस पर राजनीति छोड़कर अति शीघ्र तीनों मेडिकल काॅलेज के भवनों को पूर्ण कर हॉस्पिटल नर्सिंग काॅलेज सबकी धनराशियां केंद्र की भाजपा सरकार की ओर से पहले ही स्वीकृत की गई है, उनका कार्य पूर्ण किया जाए।
