अरविंदर सिंह,हमीरपुर: प्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर आज चुनावी प्रचार प्रसार का अंतिम दिन है ऐसे में चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशी अंतिम दिन अपनी चुनावी प्रचार प्रसार में पूरा जोर लगा रहे हैं वहीं हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी डॉ पुष्पेंद्र वर्मा ने गुरुवार को हमीरपुर बाजार में अपना चुनावी प्रचार प्रसार किया। डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने हमीरपुर बाजार में दुकानदारों से वोट की अपील की। इस दौरान कांग्रेस समर्थकों के साथ उन्होंने बाजार में हर दुकान में जाकर उन्हें समर्थन देने की अपील की।
बाज़ार में ढोल नगाड़ों के साथ घूमते हुए उन्होंने कांग्रेस पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र के अलावा हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए अपनी प्राथमिकताओं के बारे में भी जनता को जानकारी दी। डॉ.पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता से उन्हें अपार समर्थन मिल रहा है और लोगों में कांग्रेस पार्टी के प्रति उत्साह है। उन्होंने दावा किया कि मतदान के दिन भारी संख्या में लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे और कांग्रेस पार्टी को प्रदेश में विजयी बनाएंगे।
वहीं अन्य राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों की ओर से अंतिम दिन बाइक व रोड शो निकाले जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की जनता अपना मन बना चुकी है और कांग्रेस पार्टी डोर टू डोर जाकर लोगों से वोट की अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोड, बाइक शो कर के लोग केवल जनता को गुमराह करके वोट लेने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं ।
