संजीव महाजन,नूरपुर: प्रदेश में 12 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव की तैयारियों को लेकर मतदान केंद्रों की पूरी रूपरेखा तैयार हो चुकी है। ज्वाली विधानसभा में 12 तारीख को होने वाले चुनावों तैयारियां के मद्देनजर अलग अलग पोलिंग स्टेशन रुपरेखा बन चुकी है। ज्वाली विधानसभा क्षेत्र ने मतदान के लिए 117 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जिसमें से 18 पोलिंग स्टेशन संवेदनशील व 27 अतिसंवेदनशील हैं। इन पोलिंग बूथों पर सुरक्षा की दृष्टि से सीएपीएफ के 3 जवानों सहित एक पुलिसकर्मी तैनात रहेगा।
ज्वाली विधानसभा में निर्वाचन अधिकारी एवं ज्वाली एसडीएम महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सभी पोलिंग स्टेशनों के 100 मीटर एरिया में किसी भी पार्टी का बूथ नहीं लगने दिया जाएगा। इसके अलावा मतदान केंद्र मैरा व ज्वाली महिला पोलिंग स्टेशन हैं ओर मतदान केंद्र कोटला व नगरोटा सूरियां को आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया है। चुनावों के लिए 141 मतदान पार्टियां 117 मतदान केंद्रों में मतदान करवाएंगी,जबकि 24 पार्टियां आरक्षित रहेंगी।
निर्वाचन अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आज सुबह सभी मतदान पार्टियों को मतदान सामग्री सहित आवंटित कर मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया है। 12 नवंबर को सुबह 8 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हो जाएगी ओर शाम 5 बजे तक जारी रहेगी, इसके उपरांत ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच मिनी सचिवालय ज्वाली के स्ट्रांग रूम में लाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आज शाम 5 बजे के बाद शराब के ठेके, आहते व बियर बार इत्यादि बंद हो जाएंगे ओर इसी के साथ प्रचार-प्रसार भी थम जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की है कि 12 नवंबर को मतदान महापर्व में अपना योगदान अवश्य दें।
