अरविंदर सिंह, हमीरपुर: देश की सबसे पुरानी कांग्रेस पार्टी ने बुधवार को देश सहित प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर अपना 138 वां स्थापना दिवस मनाया। वहीं हमीरपुर में भी पार्टी कार्यालय में स्थापना दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र निर्माण में पार्टी की ओर से दिए गए बलिदान को याद किया। कांग्रेस जिला कार्यकारी अध्यक्ष कुलदीप पठानिया सहित अन्य नेताओं ने पार्टी के उन सभी संस्थापक नेताओं को भी याद किया,जिन्होंने राष्ट्र हित के लिए अपना सब कुछ त्याग कर वर्षों तक पार्टी में रहते हुए देशवासियों की सेवा की।
इस मौके पर जिला कांग्रेस कुलदीप पठानिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की सबसे पुरानी पार्टी है। पार्टी अपनी स्थापना से लेकर आज तक कई नाजुक दौर से गुजरी,लेकिन लोगों के पार्टी के प्रति विश्वास को कमजोर नहीं पड़ने दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में कांग्रेस की जो भूमिका रही है उसे युगों-युगों तक भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि 138 साल पूर्व भारत को सामाजिक कुरीतियों, राजनीतिक पराधीनता और महान संस्कृति को आधुनिक विज्ञान से जोड़ने वाले और समग्र विकास की ओर ले जाने वाली विचारधारा के बीज बोए गए थे जिनका नाम हैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस। हम सदैव कांग्रेस परिवार की मर्यादा और संगठित स्वरूप शान को बनाए रखने के लिए कृतसंकल्प हैं।
मुख्यमंत्री के फैसलों में उनके साथ खड़ी हैं कांग्रेस पार्टी
इस दौरान भाजपा की ओर से कांग्रेस सरकार के संस्थानों और कार्यालयों की डी नोटिफिकेशन के मुद्दे पर की जा रही बयानबाजी पर पलटवार करते हुए कुलदीप पठानिया ने कहा कि भाजपा की पूर्व सरकार ने कर्ज का पहाड़ वर्तमान सरकार को दिया हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव वर्ष में केवल जनता को लुभाने के लिए की गई घोषणाओं को कांग्रेस सरकार ने रिव्यु करने का फ़ैसला लिया था। उसी के तहत मुख्यमंत्री ने डी नोटिफिकेशन की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मुख्यमंत्री के लिए गए फैसलों की सराहना करती है और उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री और उनकी धर्मपत्नी के बारे में अभद्र भाषा का प्रयोग करने वालों के खिलाफ़ कार्रवाई की मांग
मुख्यमंत्री और उनकी धर्मपत्नी पर पूर्व मंत्री के समक्ष की गई अभद्र टिप्पणियों पर कुलदीप पठानिया ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है और इस तरह की अभद्र भाषा का कांग्रेस पार्टी विरोध करती हैं। ऐसे व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग भी पार्टी की ओर से की गई हैं।
