सचिन शर्मा, उदयपुर: प्रदेश में विधानसभा चुनावों से ठीक पहले लाहौल स्पीति में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। यहां शनिवार को मंत्री मार्कंडेय के गृह क्षेत्र उदयपुर में कांग्रेस पार्टी ने एक बड़ा धमाका किया है। यहां एक साथ दर्जनों लोगों ने भाजपा को छोड़ते हुए कांग्रेस का दामन थामा है। कांग्रेस प्रत्याशी रवि ठाकुर की मौजूदगी में इन सभी लोगों ने जहां विधिवत कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की वहीं भाजपा की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की है।
भाजपा को अलविदा कहने वाले लोगों में भुझुंड से पूर्व बीडीसी सदस्य एवं भाजयुमों युवा मोर्चा के अध्यक्ष हरिराम ठाकुर ने भी शनिवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया है। इसी तरह भाजपा के उदयपुर मंडल के पूर्व अध्यक्ष लालचंद,संग्राम से कर्म सिंह ठाकुर, तिंदी से डेम चंद देवल जो भाजपा के वरिष्ठ महामंत्री के पद पर थे इन्होंने भी भाजपा को अलविदा कह दिया है। इसके अलावा तिंदी से हरि चंद, किशोरी से महेश, बिहाड़ी से निशांत, मडग्रां से विकास,रितेश राजू व करपट के पूर्व प्रधान छेरिंग राम सहित दर्जनों लोगों ने परिवार सहित कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया है।
कांग्रेस प्रत्याशी रवि ठाकुर ने कहा कि भाजपा को छोड़ कांग्रेस में शामिल होने वाले सभी लोगों को वह बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि वह यह विश्वास दिलाते हैं कि कांग्रेस पार्टी में उनका हमेशा मान सम्मान किया जाएगा। रवि ठाकुर ने कहा है कि अभी तो शुरुआत की गई है। भाजपा के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता उनके संपर्क में हैं जो जल्द कांग्रेस पार्टी में शामिल होंगे।
