मंजूर पठान, चंबा: प्रदेश विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ विजयी रही है और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। इसे लेकर कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेत्री और संचालन समिति की संयोजक आशा कुमारी ने सभी लोगों को बधाई दी है। आशा कुमारी खुद तो इन चुनावों में जीत हासिल नहीं कर पाई है,लेकिन उन्होंने कांग्रेस के सभी जीते हुए प्रत्याशियों को बधाई दी है और साथ ही कांग्रेस पार्टी को बहुमत से जिताने के लिए प्रदेश की जनता का भी आभार जताया है।
शुक्रवार को डलहौजी में अपने निवास स्थान जन्द्रीघाट में पत्रकारवार्ता के दौरान आशा कुमारी ने कहा की हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनी है। आज विधायक दल की बैठक शिमला में हो रही है और आज प्रदेश को नई सरकार मिलेगी। उन्होंने कहा की हमारी सरकार बनी है हम किन्ही कारणों से हार गए लेकिन हम अपने कार्यकर्ताओं के साथ हम हमेशा खड़े रहेंगे क्योंकि सरकार कांग्रेस की है।
आशा कुमारी ने कहा की चंबा की अनदेखी अब नहीं होगी और चंबा से भी मंत्री पद मिलेगा। वहीं उन्होंने कहा कि सरकार बनते ही सबसे पहले जो वादे जनता से किए गए हैं उन्हें पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन विकास होगा। चंबा सहित प्रदेश को आगे ले जाने में कांग्रेस पार्टी अपना अहम योगदान देगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों से किया गया ओल्ड पेंशन बहाली का वादा भी कांग्रेस पूरा करेगी और पहली कैबिनेट बैठक में ही ओपीएस को लागू किया जाएगा।
