बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: भाजपा प्रत्याशी रणधीर शर्मा ने आज श्री नयना देवी जी विधानसभा के संगीरथी, दगसेच, बाग खुर्द, गुतरहाण, पोहनी, छेता, डाबर, पुखर, टेपरा और घ्याल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि विधायक रहते हुए कांग्रेस प्रत्यशी ने सिर्फ अपने प्रधानों व चहेतों को विधायक निधि दी, तभी उन्होंने विधायक निधि को सार्वजनिक नहीं किया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र को डबल गति से आगे बढ़ाया है।
प्रधानमंत्री की केंद्र सरकार ने जनता को मुफ्त इलाज के लिए दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना आयुष्मान भारत शुरू की, अभी तक हिमाचल प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना के तहत 4 लाख 32 हज़ार परिवार पंजीकृत हैं। योजना के तहत अभी तक 1 लाख 60 हजार मरीजों का निशुल्क इलाज किया जा चुका है। इस पर 202 करोड़ खर्च हुए। वहीं इसी तर्ज पर हिमाचल प्रदेश मे हिम केयर योजना की शुरुआत हुई।
इस योजना के तहत हिमाचल प्रदेश में 6 लाख 28 हजार परिवार पंजीकृत हैं। अभी तक 3 लाख 42 हजार मरीजों का नि:शुल्क इलाज किया जा चुका है। इस पर 326 करोड़ खर्च हो चुके हैं। कांग्रेस काल में गरीबों को बर्बाद कर देता था महंगा इलाज जबकि भाजपा सरकार में अब तक डबल इंजन सरकार की दोनों योजनाओं के माध्यम से लोगों के निशुल्क इलाज पर 528 करोड़ रुपए खर्च किए। इससे 5 लाख से भी अधिक मरीजों का इलाज किया गया।
