संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए मात्र कुछ ही दिनों का समय शेष रह गया है। ऐसे में जहां चुनावी प्रचार जोर पकड़ रहा है तो वहीं नेताओं के बीच बयानबाजी लगातार चल रही है। प्रदेश में अपने-अपने पार्टी के प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार करने के लिए भाजपा और कांग्रेस के आला नेता पहुंच रहे हैं। चुनाव प्रचार के साथ ही दोनों ही पार्टियां एक-दूसरे पर जमकर निशाना भी साध रही है और जमकर बयानबाजी भी हो रही है।
वहीं अब बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता नलिन कोहली ने कांग्रेस पार्टी को नकली वादों की पार्टी करार दिया है। बुधवार को शिमला में पत्रकार वार्ता कर उन्होंने जहां बीजेपी के पांच सालों के कामों को गिनाया तो वहीं कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नकली वादों की पार्टी है जबकि बीजेपी वादों को पूरा करने के लिए काम करती है।
नलिन कोहली ने कहा कि एक तरफ वादे हैं तो दूसरी तरफ काम है। देश में फेस मास्क नहीं बनता था आज करोड़ों बन रहें। प्रदेश में एम्स, 6 मेडिकल कॉलेज दिए हैं। हिमकेयर जैसी गरीब कल्याणकारी योजनाओं से लाखों लोगों को सहायता मिली है अब प्रदेश मे पांच सालों में हुए कामों को आगे बढ़ाने की जरूरत है। हमारा काम बोलता है। उन्होंने कहा कि बीजेपी का काम का मॉडल है तो वहीं दूसरी और नकली वादों का मॉडल है।
