संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश की कांग्रेस सरकार की ओर से रविवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए 7 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलवाई हैं। सात मंत्रियों में से मात्र एक ही मंत्री प्रदेश के सबसे बड़ा जिला कांगड़ा से बनाया गया हैं। ऐसे में कांगड़ा जिला जहां से कांग्रेस को सबसे ज्यादा सीटें विधानसभा चुनावों में मिली हैं वहां से मात्र एक ही मंत्री बनाए जाने पर सवाल लगातार खड़े हो रहे हैं।वहीं अब इस मामले को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात भी करने जा रही हैं।
कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में मीडिया से रूबरू होते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांगड़ा सबसे बड़ा जिला है और कांग्रेस को यहां काफी सीटें मिली हैं, ऐसे में कांगड़ा को मंत्रिमंडल में ज्यादा प्रतिनिधित्व मिले इसको लेकर वह मुख्यमंत्री से बात करेंगी और कांगड़ा जिला को ज्यादा ज्वज्जो देने के बारे में पक्ष भी रखेगीं।
उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में युवाओं के साथ ही वरिष्ठ नेताओं को मुख्यमंत्री ने तरजीह दी है और अभी ओर विस्तार मंत्रिमंडल का होना हैं, ऐसे में जहां प्रतिनिधित्व नहीं मिला है उन जिलों को भी जगह मिलेगी। इसके अलावा भाजपा के आरोपों पर भी उन्होंने पलटवार किया और कहा कि कांग्रेस ने जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा। अभी मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ है और जल्द ही कैबिनेट की बैठक बुला कर ओपीएस बहाल की जाएगी।
