संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश में विधानसभा चुनावों के बाद से कांग्रेस पार्टी अपनी जीत को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त है। ऐसे में अब कांग्रेस पार्टी में मुख्यमंत्री पद को लेकर लॉबिंग भी तेज हो चुकी है। कांग्रेस के सभी बड़े और दिग्गज नेता दिल्ली की दौड़ में व्यस्त हैं। मुख्यमंत्री पद की इस दौड़ ओर लॉबिंग के बीच अब कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह का एक बड़ा बयान सामने आया है। प्रतिभा सिंह ने मीडिया की ओर से मुख्यमंत्री पद की दौड़ और समर्थकों की इच्छा को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने 60 साल तक प्रदेश की सेवा की है। उनके किए गए कार्य आज भी हिमाचल में और हिमाचल के लोगों को नजर आते हैं। उनके जैसे नेता ना तो कभी हुए थे और ना ही भविष्य में होंगे।
उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के काम धरातल पर नजर आते हैं। यही वजह है कि हिमाचल प्रदेश की जनता भावात्मक तौर पर वीरभद्र सिंह के साथ जुड़ी है ओर प्रदेश के लोग यह चाहते हैं कि वीरभद्र सिंह के जाने के बाद यह अध्याय समाप्त न हो ओर लोग इस परिवार के साथ मिलकर आगे चलें। लोग चाहते हैं कि होलीलॉज की यह परंपरा जारी रहे। हालांकि इसी बीच उन्होंने कांग्रेस आलाकमान के फ़ैसले को भी अहम बताया।
उन्होंने कहा कि बात अगर मुख्यमंत्री की करें तो यह फैसला आलाकमान को लेना है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रक्रिया के तहत विधायक दल अपना नेता चुनता है और इस पर आलाकमान की मोहर के बाद ही यह फाइनल होता है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को अपार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पूरा दिन पैदल चलकर लोगों के साथ मुलाकात करते है। बात चाहे छोटे बच्चों की हो, नौजवान की हो या बुजुर्गों की हर कोई राहुल गांधी की एक झलक पाना चाहता है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भी बच्चों-बूढ़ों को अपने पास बुला कर बात करते हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने लंबे समय तक देशभर में शासन किया, लेकिन कभी गांधी परिवार की तरफ से लोगों में नफरत फैलाने का काम नहीं किया गया। मौजूदा भाजपा सरकार देश में नफरत फैलाने का काम कर रही है और राहुल गांधी इसी नफरत को खत्म करने के लिए भारत जोड़ो यात्रा में डटे हुए हैं।
वहीं विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद कांग्रेस पार्टी के सभी नेताओं की लगातार दिल्ली दौड़ को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा का इस मुद्दे को लेकर बयानबाजी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हाल ही में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को नए अध्यक्ष मिले हैं। ऐसे में सभी नेता उनसे मुलाकात करने जा रहे हैं। इसमें मुख्यमंत्री की दौड़ जैसा कुछ भी नहीं है। नेता विधानसभा चुनाव से फ्री होने के बाद मुलाकात के लिए शिष्टाचार भेंट के लिए दिल्ली पहुंच रहे हैं। बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का नाम भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल है। उनके समर्थक उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की वकालत कर रहे है।
