चंबा,मंजूर पठान -:जिला चंबा में लगातार बढ़ रही महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चंबा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ने से आम लोगों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। खाद्य पदार्थों और दैनिक जरूरत की वस्तुओं की कीमतों में भी लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई और बेरोजगारी पर नियंत्रण करने में असफल साबित हुई है।विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया। नेताओं ने कहा कि सरकार केवल बड़े-बड़े वादे कर रही है, जबकि आम जनता आर्थिक परेशानियों से जूझ रही है। कांग्रेस ने राष्ट्रपति से मांग की कि बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों पर तुरंत नियंत्रण किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
TAGGED:
Chamba congress protest
Chandrika
