सोलन-: युवा कांग्रेस की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में ‘वोट चोरी’ और ‘नौकरी चोरी’ जैसे आरोप लगाए जाने के बाद भाजपा युवा मोर्चा ने इन दावों पर सवाल उठाए हैं। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नगर निगम सोलन के पार्षद रोहित भारद्वाज ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दलों को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन गंभीर आरोपों के साथ तथ्यों और प्रमाणों को जनता के सामने रखना भी जरूरी है।
रोहित भारद्वाज ने कहा कि यदि युवा कांग्रेस के पास वोट चोरी या नौकरी चोरी से संबंधित ठोस जानकारी और दस्तावेज हैं, तो उन्हें सार्वजनिक किया जाना चाहिए। साथ ही संबंधित संवैधानिक और कानूनी संस्थाओं के समक्ष भी शिकायत रखी जानी चाहिए, ताकि आरोपों की वास्तविकता सामने आ सके।उन्होंने कहा कि केवल प्रेस वार्ता में मुखौटे पहनकर नारे और गंभीर आरोप लगाने से प्रदेश के युवाओं की समस्याओं का समाधान नहीं होगा। युवाओं को रोजगार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और समयबद्ध अवसरों की आवश्यकता है।भारद्वाज ने कहा कि केंद्र सरकार पर सवाल उठाने के साथ-साथ प्रदेश सरकार की रोजगार संबंधी घोषणाओं, भर्ती प्रक्रियाओं और लंबित मामलों को लेकर भी युवा कांग्रेस को अपना पक्ष जनता के सामने स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष और सत्ता पक्ष, दोनों से जनता जवाबदेही की अपेक्षा रखती है।उन्होंने कहा कि राजनीतिक बहस आरोप-प्रत्यारोप के बजाय तथ्यों और दस्तावेजों पर आधारित होनी चाहिए। यदि युवा कांग्रेस के पास ‘वोट चोरी’ और ‘नौकरी चोरी’ से जुड़े प्रमाण हैं, तो उन्हें सार्वजनिक किया जाए। भाजपा युवा मोर्चा तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर किसी भी मुद्दे पर सार्वजनिक चर्चा के लिए तैयार है।
