कुल्लू : मनमिंन्द्र अरोड़ा – हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस किसी भी गुट में नहीं बंटी हुई है और कांग्रेस संगठन व सरकार मिलकर प्रदेश के विकास कार्यों में जुटे हुए हैं। ऐसे में जिस तरह से कर्नाटक में कांग्रेस को बहुमत मिला है। उससे यह साफ हो गया है कि देश भर में अब जनता का समर्थन कांग्रेस पार्टी को है। जनता के समर्थन से अब लोकसभा चुनावों में भी कांग्रेस बहुमत हासिल करेगी और भाजपा के भ्रष्ट राज से देश की जनता को मुक्ति मिलेगी। यह बात ढालपुर पहुंची हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष एवं मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद प्रतिभा सिंह ने कही।
सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है और प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता भी चुनावों को लेकर खासी उत्साहित हैं। ऐसे में कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर हिमाचल में चुनाव लड़ेगी और हिमाचल की चारों सीटें कांग्रेस पार्टी की झोली में होंगी।
निष्कासित नेताओं की वापसी के बारे भी होगा विचार
प्रतिभा सिंह ने कहा कि बीते दिनों मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के साथ ही उन्होंने मुलाकात की है और हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिला में जो जन शिकायत निवारण समिति बनाई गई है। उसमें कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सदस्य बनाने के बारे में भी कहा गया है। क्योंकि हिमाचल में कुछ जगह पर वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अनदेखी हुई है और यह मामला भी उनके पास आया था। ऐसे में अब जल्द ही प्रदेश भर में जन शिकायत निवारण समिति में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को जगह दी जाएगी। वहीं विधानसभा चुनावों के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले कार्यकर्ताओं पर भी उन्होंने बयान दिया। सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अगर पार्टी को लगता है कि निष्कासित किए गए कार्यकर्ताओं को वापस लाना है। तो उसके बारे में भी विचार किया जाएगा।
