अरविंदर सिंह,हमीरपुर: हमीरपुर में ओल्ड पेंशन बहाली की मांग को लेकर क्रमिक अनशन पर बैठे एनपीएस कर्मचारियों के साथ आज प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष व विधायक राजेंद्र राणा ने भी प्रदर्शन किया। वह भी कर्मचारियों के साथ धरने पर बैठे और ओल्ड पेंशन बहाल करने की मांग की। उन्होंने कर्मचारियों के इस प्रदर्शन और कम क्रमिक अनशन को अपना समर्थन दिया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि प्रदेश में कांग्रेस के सत्ता में आते ही ओल्ड पेंशन बहाल कर दी जाएगी।
विधायक राणा ने कहा कि पुरानी पेंशन लागू करने की मांग का कांग्रेस पार्टी समर्थन करती है और आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद इसको लागू किया जाएगा। वहीं सीबीआई और ईडी की ओर से की जा रही कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि देश की जांच एजेंसियां भाजपा के मोर्चा के रूप में काम करना शुरू कर चुकी जो लोकतंत्र के लिए सही नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं के आरोप के बाद उन पर जांच एजेंसियां कार्रवाई करती हैं और बाद में जब व्यक्ति भाजपा में शामिल होता है तो उस पर कोई कार्रवाई नहीं होती है।
हमीरपुर में धरना स्थल पर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष व विधायक राजेंद्र राणा ने संयुक्त कर्मचारी महासंघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल में भाग लेते हुए जयराम सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने कर्मचारी वर्ग के साथ हमेशा धोखा किया है और सरकार के फैसलों के कारण हर कर्मचारी व उसका परिवार खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश में राजस्थान व छत्तीसगढ़ की तर्ज पर ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू करेगी। राणा ने कहा कि इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठा चुके हैं और वहां भी उन्होंने कहा था कि अगर कर्मचारियों को पेंशन नहीं है तो फिर विधायकों की भी पेंशन बंद होनी चाहिए।
राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से घबराहट में बीजेपी
कांग्रेस पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर भाजपा नेताओं की बयानबाजी पर पलटवार करते हुए राणा ने कहा कि भाजपा नेताओं को सपनों में भी राहुल गांधी ही नजर आते है। उन्होंने कहा कि राहुल की लोकप्रियता के ग्राफ को बढ़ता देखकर भाजपा इस तरह की बयानबाजी कर रही है । उन्होंने कहा कि भाजपा देश से जुड़े अहम मुद्दे बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई पर चर्चा ना करके अन्य मुद्दों पर बयान बाजी कर रही है। राणा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता भाजपा के इन मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी और उसको सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ ही प्रदेश की जनता भी विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार बैठी है।
कांग्रेस बड़ा परिवार, होती रहती है छोटी- छोटी बातें
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ठाकुर रामलाल के अपने पद से इस्तीफा देने के मुद्दे पर राजेंद्र राणा ने कहा कि कांग्रेस एक बड़ा परिवार है और परिवार में छोटी-छोटी बातें होती रहती है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर उनसे बातचीत कर जल्द ही इसका हल भी निकाल दिया जाएगा।
