संजीव महाजन,नूरपुर: ज्वाली विधानसभा में भी कांग्रेसियों ने स्ट्रांग रूम के बाहर पहरा देना शुरू कर दिया है। कांग्रेसियों ने मिनी सचिवालय के बाहर तंबू लगाया है जहां पर कार्यकर्ता दिन-रात पहरेदारी में जुटे हुए हैं। मतगणना तक कांग्रेस कार्यकर्ता यहां बारी-बारी पहरा देकर स्ट्रांग रूम पर नजर रखे हुए हैं।
स्ट्रांग रूम के बाहर जवानों का कड़ा पहरा है और सीसीटीवी कैमरे से भी हर गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। बावजूद इसके कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ईवीएम मशीनों से छेड़छाड़ का अंदेशा बना हुआ है, इसलिए कांग्रेस ने अपने स्तर पर ईवीएम की सुरक्षा करनी शुरू कर दी है।
नगर पंचायत के चेयरमैन राजिंद्र राजू ने कहा कि हमें स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में कार्यरत सुरक्षा बलों व प्रशासनिक अधिकारियों पर पूरा भरोसा है, लेकिन भाजपा नेताओं पर बिल्कुल भरोसा नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि भाजपाई ईवीएम की सुरक्षा में गड़बड़ी कर सकते है, इसलिए कार्यकर्ता सुरक्षा को लेकर अपने स्तर पर पहरा दे रहे हैं। नेता मनु शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस ऐतिहासिक बहुमत से सरकार बना रही है, इसलिए भाजपाई घबराए हुए है और यह कुछ भी कर सकते है।
