Hamirpur, Arvind-प्रदेश कांग्रेस के पूर्व मुख्य प्रवक्ता प्रेम कौशल ने भाजपा राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन के हालिया बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। हर्ष महाजन ने जहां पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की प्रशंसा की थी, वहीं प्रदेश सरकार की आलोचना भी की थी। इस पर पलटवार करते हुए प्रेम कौशल ने कहा कि हर्ष महाजन “मौकापरस्त नेता” हैं और कांग्रेस में रहते हुए भी भाजपा नेताओं से राजनीतिक सांठगांठ करते रहे हैं।
भाजपा में रहते हुए वीरभद्र सिंह के नाम का कर रहे इस्तेमाल
कौशल ने कहा कि हर्ष महाजन ने अपने राजनीतिक जीवन का अधिकांश समय वीरभद्र सिंह का विरोध करने में बिताया है। उन्होंने याद दिलाया कि 90 के दशक की शुरुआत में कुल्लू के ढालपुर मैदान में हुए एक युवा कांग्रेस कार्यक्रम में स्व. वीरभद्र सिंह के साथ हर्ष महाजन का व्यवहार किसी से छिपा नहीं है।उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक मजबूरियों के चलते वीरभद्र सिंह के साथ खड़े होने के बावजूद हर्ष महाजन ने वर्षों से उनके साथ जुड़े नेताओं के खिलाफ षड्यंत्र रचे। कौशल ने कहा कि कांग्रेस सरकारों और संगठन में बड़े पदों पर रहते हुए भी महाजन ने विपक्ष के साथ मिलकर पार्टी को नुकसान पहुंचाया और आखिरकार भाजपा में शामिल होकर यह साबित कर दिया।
कांग्रेस नेता ने हर्ष महाजन को नसीहत देते हुए कहा कि वे अपनी “राजनीतिक दुकान” चलाने के लिए वीरभद्र सिंह जैसे समर्पित नेता का नाम इस्तेमाल करना बंद करें। साथ ही कौशल ने आरोप लगाया कि चंबा में बारिश से हुई तबाही पर हर्ष महाजन केवल मीडिया में बयानबाज़ी कर रहे हैं और दूर से तमाशा देख रहे हैं, जबकि प्रभावितों की मदद के लिए उन्होंने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
