Una, Ràkesh -:बद्दी-बरोटीवाला क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। खेतों में सुअरों से फसलों को बचाने के लिए रखे गए बारूद के गोले को एक गाय ने गलती से निगल लिया। मुंह के अंदर पहुंचते ही बारूद फट गया, जिससे गाय का जबड़ा बुरी तरह फट गया।
गंभीर हालत में गाय को ऊना के क्षेत्रीय पशु चिकित्सालय बरनोह लाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने करीब चार घंटे तक चले जटिल ऑपरेशन के बाद जबड़े की सफल सर्जरी की।डॉ. निशांत रणौत, डॉ. शिल्पा रणौत, डॉ. स्टैफनी, डॉ. निकिता, फार्मासिस्ट रमेश, सिमरन और महावीर की टीम ने यह ऑपरेशन किया। डॉक्टर निशांत रणौत ने बताया कि गाय के शरीर के एक हिस्से से त्वचा लेकर जबड़े की मरम्मत की गई है। धीरे-धीरे घाव भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है और जबड़े का आकार सामान्य रहेगा।फिलहाल गाय की जीभ काम नहीं कर रही है, इसलिए खाने-पीने के लिए गले के पास एक पाइप डाली गई है। डॉक्टरों के अनुसार, पूरी तरह ठीक होने में करीब एक महीने का समय लगेगा।इस गाय के मालिक किसान आजाद ने बताया कि तीन दिन पहले वह गाय को खेतों में चरने के लिए छोड़कर गया था, तभी यह हादसा हुआ।
