विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में स्थित विश्व विख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में रविवार को भक्तों की भीड़ उमड़ी। छुट्टी का दिन होने के चलते मंदिर में भक्तों की भीड़ देखी गई। सुबह से ही भक्त माता रानी के दर्शनों के लिए मंदिर पहुंचना शुरू हो गए थे। मंदिर खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं की आवाजाही माता रानी के दर्शन के लिए शुरू हो गई थी। वहीं सुबह 9 बजे के बाद जैसे कि धूप खिली उसके बाद मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ में बहुत ज्यादा वृद्धि देखी गई।
माता रानी के दरबार में आने वाले श्रदालुओं में पंजाब, दिल्ली और हरियाणा राज्य से श्रदालुओं की संख्या ज्यादा रही। वहीं मंदिर में श्रदालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मंदिर प्रशासन की बेहतर व्यवस्था के चलते मां के भक्तों को बड़े ही आरामदायक तरीके से माता रानी के दर्शन करने को मिल रहे थे। श्रदालुओं को दर्शन पर्ची लेकर ही माता रानी के दरबार में माथा टेकने के लिए भेजा जा रहा था।
सेक्टर मेजिस्ट्रेट कमलेश कुमार ओर मंदिर अधिकारी बलबंत पटियाल खुद सारी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते नजर आए। वहीं शाम छः बजे तक दस हजार के करीब श्रदालु माता रानी के दरबार में माथा टेक चुके थे। सेक्टर मेजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार कमलेश कुमार ने बताया कि मंदिर में व्यवस्थाओं को रविवार के दिन बेहतर बनाया गया है कुछ भिखारी बच्चों की ओर से भीख मांगने की शिकायतें आ रही हैं जिन पर प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जा रही हैं।
