नाहन : देवेंद्र कुमार (TSN)- नाहन के डॉ वाईएस परमार कॉलेज में हाल ही में एबीवीपी द्वारा आयोजित किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रम विवादों में है । कार्यक्रम को जिला एनएसयूआई ने राजनीतिक करार देते हुए आरोप लगाया है कि उक्त कार्यक्रम बिना किसी अनुमति से कॉलेज परिसर में आयोजित किया गया और कक्षाएं खाली करवा कर यहां राजनीतिक भाषण दिए गए जो शिक्षा के मंदिर में सरासर गलत है । मामले को लेकर एनएसयूआई ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष विपुल शर्मा ने कहा की कालेज परिसर में एबीवीपी द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया । कार्यक्रम में भाजपा सांसद सुरेश कश्यप व भाजपा जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की थी । उन्होंने आरोप लगाया कि कालेज परिसर में आयोजित हुआ एबीवीपी का सांस्कृतिक कार्यक्रम राजनीति से प्रेरित था । उन्होंने कालेज प्रधानाचार्य पर तंज कसते हुए कहा कि प्रधानाचार्य को भाजपा प्रचारक ना बनाकर कॉलेज में छात्रों की शिक्षा व व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए । उन्होंने कहा कि कॉलेज की कक्षाएं खाली करवा कर यहां भाजपा नेताओं द्वारा राजनीति से प्रेरित भाषण दिए गए। ऐसे आज तक कॉलेज परिसर में कार्यक्रम आयोजित नहीं हुए। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर जल्द ही प्रदेश के मुख्यमंत्री को शिकायत की जाएगी।
