कुल्लू/मनमिन्दर अरोड़ा: बंजार की तीर्थन घाटी गुशैनी में नगलाडी पुल के पास 4 माह से लापता चल रहे भाग चंद का शव पुलिस ने बरामद कर लिया है। बंजार पुलिस की टीम ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। शव के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल जाएगा। वहीं बंजार पुलिस की टीम ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। बंजार पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 4 माह पहले भारी बरसात के दौरान ग्राम पंचायत शर्ची के बंदल गांव का भाग चंद पुत्र स्वर्गीय माडू राम एक अगस्त को अपने घर कोशुनाली से रोपा कैंची मोड़ घराट के लिए गया था।
उस समय स्थानीय लोगों ने उसे नदी किनारे घराट वाले रास्ते पर जाते हुए देखा था। लेकिन भाग चन्द न तो घराट में पहुंचा और न ही वापिस अपने घर आया। परिजनों के इधर-उधर आस पड़ोस और रिश्तेदारी में हर जगह पता करने पर भी इसका कोई सुराग नहीं लग पाया। जिस पर परिजनों द्वारा पुलिस थाना बंजार में इसके लापता होने की सूचना दर्ज करवा दी थी। उस समय लोगों ने इस व्यक्ति के नदी में बहने की आशंका जताई थी। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा कई दिनों तक भाग चन्द की तलाश लारजी झील से लेकर गुशैनी तक नदी किनारे की गई, लेकिन नदी में भारी जल प्रवाह के कारण कुछ भी पता नहीं चल पाया था।
गली-सड़ी लाश हुई बरामद
पुलिस थाना बंजार के अन्वेष्णाधिकार सहायक उप निरीक्षक ओम प्रकाश सैनी ने बताया कि गुशैनी के पास तीर्थंन नदी के किनारे एक व्यक्ति की गली-सड़ी लाश बरामद हुई है। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच कर लाश का पंचनामा करके कब्जा पुलिस में लिया है। मौजूद लोगों के सामने छानबीन करने पर पता चला कि यह लाश भाग चन्द निवासी गांव बंदल की है , जिसे मौके पर उपस्थित इसके दो बेटों ने शिनाख्त किया है। सैनी ने बताया कि भाग चन्द एक अगस्त को अपने घर से घराट के लिए गया था, लेकिन वापिस नहीं पहुंचा। इसकी गुमशुदगी की रिर्पोट थाना में दर्ज है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं शव को बड़ी मशक्कत से नदी से बाहर निकाला गया। लाश पत्थरों के बीच फंसी हुई थी और काफी हद तक सड़ भी चुकी है। सैनी ने बताया कि मृतक की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।
