मंडी,धर्मवीर(TSN)-ग्राम पंचायत पंडोह के प्रतिनिधियों और अन्य प्रबुद्ध लोगों ने बीबीएमबी प्रबंधन से पंडोह बाजार में ब्यास नदी के किनारे प्रस्तावित सुरक्षा दीवार के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द शुरू करने की मांग उठाई है।सोमवार को पंडोह पंचायत के प्रतिनिधियों और प्रबुद्ध जनता की एक बैठक बीबीएमबी के वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता ई.चंद्रमणी के साथ उनके कार्यालय में संपन्न हुई जिसमें पंडोह और इसके आसपास के क्षेत्रों में होने वाले कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
ग्राम पंचायत पंडोह की प्रधान गीता देवी ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने पंडोह बाजार में ब्यास नदी के किनारे लगने वाली सुरक्षा दीवार के निर्माण को प्रमुखता से उठाते हुए इस कार्य को चरणबद्ध ढंग से शुरू करते हुए पहले चरण का कार्य जल्द से जल्द शुरू करने की मांग उठाई है। इस कार्य को बरसात से पहले शुरू करने का निवेदन भी किया गया है। इसके साथ ही पंडोह और इसके आसपास के इलाकों में बीबीएमबी की तरफ से दी जा रही पानी की सप्लाई को सुचारू रूप से चलाने और पंडोह बाजार में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने और उनके स्थान पर नई लाइटें लगाने की मांग भी रखी गई है।
पानी की सप्लाई को किया जाए सुचारू,सड़कों का भी हो निर्माण
गीता देवी ने बताया कि वर्ष 2022 में बीबीएमबी को पंचायत की तरफ से ज्यूणी रोड़ से तवाराफी तक स्ट्रीट लाइटें लगाने की प्रपोजल भेजी गई थी।इसके अलावा टिल्ली गांव के लिए सड़क और लाइटों की मांग भी रखी गई थी जिसे भी अभी तक पूरा नहीं किया जा सका है।उन्होंने बताया कि बीबीएमबी प्रबंधन ने जानकारी दी है कि 8 में से 4 कार्यों के एस्टीमेट बनाकर भेज दिए गए हैं और जल्द ही इनका कार्य शुरू होने वाला है।वहीं,पंचायत ने यह मांग रखी है कि इस कार्य को जल्द से जल्द शुरू करके पूरा किया जाए।
