सोलन : योगेश शर्मा – हिमाचल प्रदेश में जिला परिषद कैडर के तहत पंचायतों में काम कर रहे करीब 4700 कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है । जिला परिषद के कर्मचारी छठे वेतन आयोग के तहत वेतन मिलने और नियमितिकरण करने की मांग सरकार कर रहे है। मंगलवार को जिला परिषद कर्मचारियों ने सोलन में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल से मुलाकात कर अपनी समस्या के बारे में अवगत करवाया है ।
जिला परिषद काडर अधिकारी एवं कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि जिला परिषद काडर के करीब 4700 कर्मचारियों की एक ही मांग है कि इस काडर के कर्मचारियों को विभाग में मर्ज किया जाए । वहीं 6वें वेतनमान का लाभ दिया जाए। इस बारे में आज स्वास्थ्य मंत्री से बात की गई है और उन्होंने आश्वासन दिया है कि उनकी मांग पर ध्यान दिया जाएगा। राजेश ठाकुर ने कहा कि यह कर्मचारी ग्रामीण विकास की रीढ़ है और इन कर्मचारियों के साथ अन्याय किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि उनके 6वें वेतनमान की फाइल वित्त विभाग व पंचायती राज विभाग के बीच में घूम रही है। हालांकि उन्हें उम्मीद है कि प्रदेश सरकार उनकी मांगों को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि अभी भी अगर सरकार नही जागी तो 15 दिनों के बाद कर्मचारी हड़ताल का रुख अपना सकते है।
