Kullu, Manminder– हिमाचल प्रदेश में वन भूमि से कब्जे हटाने को लेकर अदालत के फैसले के खिलाफ आज जिला मुख्यालय ढालपुर में हिमाचल किसान सभा और सेब उत्पादक संघ ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि इस फैसले को तत्काल रद्द किया जाए, क्योंकि इससे गरीब किसानों को भारी नुकसान होगा।
सेब उत्पादक संघ के राज्य सदस्य गुरजीत सिंह गिल ने आरोप लगाया कि सरकार हाईकोर्ट के आदेशों का दुरुपयोग कर रही है और किसानों को जबरन बेदखल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 1980 से पहले आवंटित जमीन और नौतोड़ भूमि पर भी कार्रवाई हो रही है, जो अन्यायपूर्ण है।
किसान सभा ने सरकार से मांग की कि बेदखली पर तुरंत रोक लगाई जाए और भूमिहीन किसानों को कम से कम पांच बीघा जमीन का मालिकाना हक दिया जाए। साथ ही, सरकार सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल करे और धारा 163-ए की बहाली के लिए विधानसभा में संकल्प पारित कर हाईकोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर करे।गुरजीत गिल ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो आंदोलन को प्रदेशभर में तेज किया जाएगा।
