Shimla, 13 August-अंतिम छोर तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग ने राष्ट्रव्यापी वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान शुरू किया है। हिमाचल प्रदेश में यह अभियान 1 जुलाई से पंचायत स्तर पर चलाया जा रहा है। बीते 43 दिनों में राज्यभर में 1618 शिविर आयोजित किए गए हैं। यह अभियान 30 सितंबर तक चलेगा।
शिविरों में लोगों को सरकार की विभिन्न पेंशन योजनाओं, बीमा योजनाओं, साइबर सुरक्षा, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का उपयोग करने के तरीकों और अन्य वित्तीय सुविधाओं के बारे में जागरूक किया जा रहा है।राज्य बैंकर्स समिति हिमाचल के संयोजक एवं यूको बैंक के उप महाप्रबंधक विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि इस पहल के तहत अब तक 2531 नए प्रधानमंत्री जन धन खाते खोले गए हैं, 8974 लोग प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से जुड़े हैं, 16989 लोगों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से, और 3561 नागरिकों को अटल पेंशन योजना से जोड़ा गया है। साथ ही 24810 खातों की पुनः केवाईसी की गई है और 7724 नए नामांकन दर्ज हुए हैं।
