विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: चिंतपूर्णी से दिल्ली के लिए अब हिमाचल के लोगों को वॉल्वो बस सेवा उपलब्ध होगी। मंगलवार को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के नया बस स्टैंड चिंतपूर्णी से चिंतपूर्णी दिल्ली वॉल्वो बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया हैं। इस मौके पर जिलाधीश ऊना राघव शर्मा, स्थानीय विधायक सुदर्शन सिंह बबलू,डीएम हमीरपुर व कांग्रेस सचिव संजीव कालिया भी उपस्थित रहे।
यह वॉल्वो बस चिंतपूर्णी से सुबह 10:30 बजे दिल्ली के लिए चलेगी और रात्रि 8:00 बजे दिल्ली कश्मीरी गेट पहुंचेगी। वहीं उसी दिन 9:45 रात्रि को यह दिल्ली कश्मीरी गेट से चलेगी और सुबह 6:15 पर चिंतपूर्णी पहुंचेगी। वहीं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने चिंतपूर्णी बस अड्डे में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया। इसके बाद मुकेश अग्निहोत्री नया बस स्टैंड चिंतपूर्णी से पैदल मां चिंतपूर्णी के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे और दरबार में पहुंचने से पहले सामुदायिक सदन एवं मॉडर्न कॉम्प्लेक्स माधो दा टिल्ला का भी शिलान्यास उन्होंने किया।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री मां चिंतपूर्णी के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे। वहीं स्थानीय लोगों ने भी मुकेश अग्निहोत्री के पैदल बाजार से गुजरने के दौरान अलग-अलग जगह पर उनका भव्य स्वागत किया। माता रानी के दरबार में पहुंचने पर मुकेश अग्निहोत्री ने माता की पावन पिंडी की विधिवत रूप से पूजा अर्चना की और माथा टेका। इस मौके पर चिंतपूर्णी मंदिर के पुजारियों ने वैदिक मंत्रों का उच्चारण कर पूजा-अर्चना करवाई और मां के दरबार में हाजिरी लगवाई। हाजिरी लगाने के पश्चात उन्होंने मंदिर परिसर का दौरा किया और मंदिर परिसर की सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम का लोकार्पण किया।
इस दौरान पुजारियों का एक प्रतिनिधि मंडल ने भी उप मुख्यमंत्री से मुलाकात की और पुजारियों के शेयर को फिक्स करने की मांग की। जिस पर उपमुख्यमंत्री ने जल्द इस मामले को हल करने का आश्वासन दिया। इसके बाद वह बाबा श्री माई दास सदन में लाइब्रेरी का लोकार्पण करने पहुंचे और अधिकारियों के साथ बाबा श्री माई का सदन में बने मीटिंग हॉल में बैठक भी की।
