ऊना, राकेश -: राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज का जन्मदिन शनिवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालु कोटला कला स्थित बाबा बालाजी महाराज के आश्रम में पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं देने और आशीर्वाद लेने पहुंचे।
इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री भी कांग्रेस विधायक विवेक शर्मा सहित अन्य नेताओं के साथ आश्रम पहुंचे और बाबा बाल जी महाराज से भेंट कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। डिप्टी सीएम ने बाबा बाल जी महाराज के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।इस दौरान मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बाबा बाल जी महाराज उत्तर भारत के प्रमुख संतों में से एक हैं और लाखों लोगों पर उनकी कृपा बनी हुई है। उन्होंने कहा कि महाराज जी का आशीर्वाद समाज को सही दिशा देता है और लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है।उन्होंने कहा कि बाबा बाल जी महाराज के आश्रम में आकर मन को शांति और सुकून मिलता है। यहां हर वर्ग और हर विचारधारा के लोग आते हैं, क्योंकि मंदिर और धार्मिक स्थल सभी के लिए समान रूप से खुले हैं। उन्होंने कहा कि आस्था और सेवा की भावना से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि चिंतपूर्णी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए लगभग सवा सौ करोड़ रुपये की परियोजना पर काम शुरू किया जा रहा है। इसके लिए आवश्यक धनराशि पहले ही स्वीकृत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि आने वाले नवरात्रों के दौरान इस परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा।उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य धार्मिक स्थलों के विकास के साथ-साथ क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देना भी है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा बाल जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया और उनके जन्मदिन को भक्ति भाव के साथ मनाया।
TAGGED:
UNA deputy CM mukesh agnihotri
Chandrika
