नाहन :देवेंद्र कुमार (TSN)-हिमाचल विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार अपने रेणुका प्रवास के दौरान आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छ्छेती के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए।
हिमाचल विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार 3 जनवरी से 11 जनवरी तक रेणुका विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर हैं। निर्धारित कार्यक्रम अनुसार आज विधानसभा उपाध्यक्ष ने छ्छेती स्कूल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्यअतिथि के तौर पर शिरकत की। इस दौरान उन्होंने 45 लाख रुपए की लागत से बने स्कूल के अतिरिक्त भवन का भी उद्घाटन किया। वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार शिक्षा के क्षेत्र में विशेष रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने ये भी माना कि जिला सिरमौर के अधिकतर स्कूलों में स्टाफ की कमी चल रही है जिसको लेकर सरकार गंभीर है। उन्होंने बताया कि स्कूलों में स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए सरकार प्रयास कर रही है और बैच वाइज भारती भी की जा रही है। जिसमें जेबीटी सीएंडवी और टीजीटी आदि शामिल है।उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में अध्यापक नहीं है या जिन स्कूलों में बच्चों की संख्या अधिक है उन स्कूलों में प्राथमिकता के आधार पर अध्यापकों की नियुक्ति की जाएगी ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो।वार्षिक समारोह के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए,जिसकी विधानसभा उपाध्यक्ष द्वारा खूब सराहना की गई।
