सोलन : योगेश शर्मा – आज चैत्र नवरात्रि की अष्टमी है, ऐसे में प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठों में सुबह से भक्तों की लंबी कतार देखने को मिल रही है। सोलन शहर की अधिष्ठात्री देवी शूलिनी माता मंदिर में भी चैत्र नवरात्रि की अष्टमी पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। मंदिर में सुबह से ही भक्त पहुंचने शुरू हो गए है,जिससे मन्दिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही है। अष्टमी के दिन जहां भक्त शुलिनी माता मंदिर में शीश नवा रहे हैं। वहीं कन्याओं की पूजा भी की जा रही है।
अष्टमी के दिन मंदिर आए श्रद्धालुओं ने कहा कि कोरोना के चलते दो साल बाद वे लोग बेहतर तरीके से मंदिर में आकर माता रानी के दर्शन कर पा रहे हैं। मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों ने कहा कि आज मंदिर में आकर कंजक पूजन कर उनके द्वारा माता की आराधना की गई है। माता से उन्होंने कामना की है कि सभी लोगों पर उनका आशीर्वाद बना रहे।
बता दें कि सोलन शहर की अधिष्ठात्री देवी माता शुलिनी है । ऐसे में सोलन शहर वासियों के साथ-साथ अन्य राज्यों की के लोग भी माता शुलिनी को मानते है क्योंकि बघाट रियासत के राजाओं के कुलदेवी माता शुलिनी थी, जिन्होंने सोलन शहर में माता के मंदिर की स्थापना की थी । ऐसे में हर साल नवरात्रों के दिनों में यहां पर भीड़ देखने को मिलती है। प्रशासन द्वारा भी कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए यहां पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हाथों को सैनिटाइज करने का भी मन्दिर परिसर में प्रावधान किया गया है। वही मंदिर के पंडित रामस्वरूप का कहना है कि बेहतर तरीके से इस बार नवरात्रों के दिनों में लोगों ने माता के दर्शन किए हैं।
