राहुल चावला,धर्मशालाः विधानसभा चुनावों को लेकर धर्मशाला से कांग्रेस प्रत्याशी सुधीर शर्मा का चुनाव प्रचार जोरों पर है। रविवार को सुधीर शर्मा ने अपने चुनावी अभियान के दौरान पद्धर, दाड़ी, योल कैंट, न्यू बाघणी, कनेड़, सिद्धपुर, सराह, बाघणी, कंड, बड़ोल एवं सिद्धबाडी में आयोजित बैंठकों में भाग लेकर अपने पक्ष में जनमत की अपील की। इस दौरान लोगों ने सुधीर शर्मा द्वारा पूर्व में की गई जन सेवाओं के लिए उनका धन्यवाद किया। इस दौरान लोगों ने सुधीर शर्मा का धन्यवाद करते हुए कहा कि सत्तासीन नेता लोगों की मदद करने में नाकाम साबित हुए।
सुधीर शर्मा इस दौरान थोड़ा भावुक भी हुए और उन्होंने जनता के इसी प्यार को अपनी ताकत बताया। सुधीर शर्मा ने बैंठकों के दौरान रोजगार, आत्मनिर्भरता और पुरानी पैंशन योजना सहित स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की, साथ ही लोगों से परामर्श भी किया। सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला का जो विकास 2017 में रूक गया था, उसे आगे बढ़ाते हुए जनता के सहयोग के साथ धर्मशाला को देश का सर्वश्रेष्ठ शहर बनाया जाएगा।
वहीं शनिवार को देर शाम त्रैंबल पट्ट वार्ड-14 में आयोजित बैठक के दौरान करीब 15 परिवारों ने भाजपा का दामन छोड़ कर कांग्रेस का हाथ थामा, जिसमें मुख्यतः पूर्व भाजपा कार्यकर्ता मनोज कुमार उर्फ काकू ने कांग्रेस की सदस्यता हासिल की और उन्हें सुधीर शर्मा ने अनुसूचित जनजाति मोर्चा का उपाध्यक्ष नियुक्त किया। इसके लिए सेवानिवृत अधिकारी बलवीर सिंह ठाकुर भी कांग्रेस में शामिल हुए। उक्त बैठकों के दौरान सुधीर शर्मा के साथ ब्लाॅक कांग्रेस, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल रहे।
